Friday, October 23rd, 2026

 आज से खत्म हो सकता है यास का असर, दोपहर बाद मौसम सामान्य होने की उम्मीद

 वाराणसी 
चक्रवाती तूफान ‘यास’ के कारण पूर्वांचल में हो रही बारिश आज से थमने के आसार हैं। शनिवार दोपहर बाद से मौसम के सामान्य होने की उम्मीद वैज्ञानिक जता रहे हैं। यास असर से पूर्वांचल के वाराणसी, बलिया, गाजीपुर आदि शहरों में शुक्रवार को भी आकाश में घने बादल छाये रहे। कहीं रिमझिम तो कहीं बूंदाबादी का क्रम लगभग पूरे दिन चला। बनारस में पिछले 24 घंटों के दौरान जिले में 32.8 मिमी वर्षा हुई। यह 28 मई की तारीख का नया रिकार्ड है। मई में अब तक 134.2 मिमी बारिश हो चुकी है।  

बनारस में तीसरे पहर कुछ मिनट के लिए धूप निकली। अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री की कमी आई। शुक्रवार को पूरे दिन काले घने बादलों का आसमान में कई बार जमावड़ा हुआ। जोरदार बारिश की संभावना बनी लेकिन वातावरण में छाई नमी को धरती की र्हींटग का पूरा समर्थन नहीं मिला। इसलिए फुहारें ही पड़ीं। हालांकि वे भी भिगाने वाली थीं। हवा और बारिश से मौसम एकदम बदल गया। वैसे मौसम शनिवार दोपहर बाद फिर बदलेगा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार दोपहर बाद आसमान साफ होने के आसार हैं। 

 

#यास का असर

Source : Agency

पाठको की राय